कोरबा नगर ने रचा इतिहास, 15,563 हस्ताक्षरों के साथ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम
कोरबा। कोरबा नगर ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा लिया है। मात्र 20 मिनट में 15,563 नागरिकों के हस्ताक्षर एकत्र कर कोरबा नगर निगम ने नया कीर्तिमान स्थापित किया, जिससे पूर्व में उत्तराखंड के पिथौरागढ़ नगर निगम द्वारा बनाए गए 7,500 हस्ताक्षरों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया गया।

इस अवसर पर नगर निगम महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय के सतत प्रयासों, उनके नेतृत्व में निगम टीम की अथक मेहनत और कोरबा के जागरूक नागरिकों के स्वस्फूर्त सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कोरबा पहले ही स्वच्छता में देशभर में टॉप-10 में शामिल होकर आठवां स्थान प्राप्त कर चुका है और अब स्वच्छता शपथ के माध्यम से यह नया विश्व रिकॉर्ड नगर के लिए गर्व का विषय है।
नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने बताया कि यह विचार सबसे पहले सागर नामक युवक द्वारा साझा किया गया था, जिसका उद्देश्य कोरबा को एक नई पहचान दिलाना था। महापौर के मार्गदर्शन में निगम की पूरी टीम और नागरिकों की सहभागिता से यह मिशन सफल हुआ और कोरबा का नाम इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो गया।
रिकॉर्ड के सत्यापन हेतु कोरबा पहुंचे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि मनीष जी ने बताया कि इससे पहले पिथौरागढ़ नगर निगम का रिकॉर्ड था, जिसे कोरबा ने मात्र 20 मिनट में तोड़ दिया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर नगर निगम कोरबा की पूरी टीम, पार्षदगण, औद्योगिक उपक्रम, एनएसएस-एनसीसी, शिक्षा विभाग, विद्यालय-महाविद्यालय के छात्र, स्काउट-गाइड, स्वयंसेवी संगठन, व्यापारी बंधु, प्रेस-मीडिया सहित सभी सहयोगी संस्थाओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।















