• nagardarpannews

CG News : बस्तर फाइटर भर्ती में पद बढ़ाने की मांग तेज, जगदलपुर में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प

CG News : जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में बस्तर फाइटर भर्ती को लेकर युवाओं का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। स्थानीय युवाओं के लिए पदों की संख्या बढ़ाने और आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की मांग को लेकर पिछले एक सप्ताह से विरोध प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार को जगदलपुर के आमागुड़ा में बस्तरिया राज मोर्चा के बैनर तले युवाओं ने चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बस्तर के युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। भर्ती में स्थानीय युवाओं के हितों को प्राथमिकता देने की मांग को लेकर आंदोलन लगातार तेज हो रहा है।

79 पदों को लेकर युवाओं में नाराजगी

बस्तर फाइटर भर्ती में पदों की संख्या को लेकर स्थानीय युवाओं में नाराजगी है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बस्तर जैसे क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन भर्ती में पदों की संख्या उनकी अपेक्षा के अनुरूप नहीं है।

CG Weather Today : बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हुआ मौसम सिस्टम, 15 नवंबर तक अवदाब में बदलने की संभावना

युवाओं ने स्थानीय उम्मीदवारों के लिए पद बढ़ाने के साथ आरक्षण का प्रतिशत बढ़ाने की मांग उठाई है। उनका मानना है कि क्षेत्र के युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए।

आमागुड़ा में किया चक्काजाम

अपनी मांगों को लेकर बस्तरिया राज मोर्चा के नेतृत्व में युवाओं ने जगदलपुर के आमागुड़ा में प्रदर्शन किया। देखते ही देखते प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित होने लगा।

मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस लगातार माइक के माध्यम से चक्काजाम की अनुमति नहीं होने की बात कहती रही और प्रदर्शनकारियों से वापस जाने की अपील करती रही। हालांकि, प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और आंदोलन जारी रखा।

पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी

चक्काजाम के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच झूमाझटकी भी हुई। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया। वहीं, युवा अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने को तैयार नहीं दिखे।

About The Author