कोरबा में विभागीय राशि गबन करने वाला कर्मचारी गिरफ्तार, ग्रेच्युटी-बोनस के ₹56 हजार अपने खाते में किए ट्रांसफर
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि का गबन करने के आरोप में पुलिस ने बिजली विभाग के एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने RTGS के माध्यम से कुल 56,065 रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
RTGS के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर की विभागीय राशि
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, तुलसीनगर कोरबा स्थित कार्यालय के कार्यपालन अभियंता कार्यालय में पदस्थ प्रार्थी शत्रुहन कुमार सोनी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 177/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में 56,065 रुपये के गबन की बात स्वीकार की
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी हरीश कुमार साहू (35 वर्ष), निवासी सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व को उसके निवास से थाने लाकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी संभागीय कार्यालय स/सं संभाग कोरबा, तुलसीनगर में लाइन परिचालक के पद पर कार्यरत था।
पूछताछ में आरोपी ने कर्मचारी की ग्रेच्युटी, दीपावली बोनस और अनुग्रह राशि के कुल 56,065 रुपये RTGS के माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर कर गबन करना स्वीकार किया।
BNS की धाराओं में अपराध दर्ज, न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 177/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 336, 340 और 238 में कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरीश कुमार साहू, पिता स्वर्गीय अंजोर साय, उम्र 35 वर्ष, निवासी एसई/522, सीएसईबी कॉलोनी, कोरबा पूर्व के रूप में हुई है।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी अथवा डायल-112 पर दें।










