कटघोरा के मुरली होटल के सांभर में मिला कीड़ा, ग्राहकों में मचा हड़कंप; वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य विभाग ने कही कार्रवाई की बात
कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा स्थित मुरली होटल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार सुबह होटल में ग्राहकों को परोसे गए सांभर में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया। ग्राहकों ने जब इसकी जानकारी होटल कर्मचारियों को दी, तो स्टाफ ने भी सांभर में कीड़ा होने की बात स्वीकार की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राहक होटल में नाश्ता करने पहुंचे थे। इसी दौरान सांभर में कीड़ा दिखाई दिया। इसे देखकर ग्राहक हैरान रह गए और उन्होंने होटल कर्मचारियों को बुलाकर इसकी शिकायत की। घटना के बाद कई ग्राहक खाना छोड़कर होटल से बाहर निकल गए।
कुछ दिन पहले NTPC की लक्ष्मी डेयरी में भी मिली थी गंदगी
खाद्य पदार्थों में कीड़े मिलने का यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले NTPC क्षेत्र स्थित लक्ष्मी डेयरी के सांभर-बड़ा में भी कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी। उस मामले में खाद्य विभाग ने कार्रवाई की थी।
अब कटघोरा के मुरली होटल में सामने आई इस घटना ने एक बार फिर होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई तथा खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई पर नजर
मुरली होटल की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद खाद्य विभाग ने जल्द कार्रवाई करने की बात कही है। ऐसे में अब यह देखना होगा कि विभाग होटल में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, किचन की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था की जांच कर क्या कदम उठाता है।
लगातार सामने आ रही ऐसी शिकायतों के बीच स्थानीय लोगों ने खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की जरूरत जताई है।










