कोरबा : गांधी चौक में युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस की चुप्पी पर उठे गंभीर सवाल

कोरबा। परसों देर रात लगभग 12 बजे के बाद गांधी चौक क्षेत्र निवासी पप्पू कुमार चौहान के साथ कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बेरहमी से मारपीट किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। हमलावरों ने लाठी से युवक के सिर पर वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद युवक के सिर में आठ टांके लगाए गए हैं।

 

इतनी गंभीर घटना के बावजूद कोरबा कोतवाली थाना पुलिस द्वारा अब तक सिर्फ प्राथमिकी दर्ज कर छोड़ दी। न ही आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई की गई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित परिजनों का आरोप है कि वे बार-बार थाना पहुंचकर न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें हर बार निराश होकर लौटना पड़ रहा है। परिजनों के अनुसार थाना में मौजूद महिला पुलिसकर्मी द्वारा स्पष्ट शब्दों में यह कह दिया गया कि “हम कोई कार्रवाई नहीं करेंगे, आपको जो करना है कर लीजिए।” यह बयान यदि सत्य है, तो यह कानून व्यवस्था और पुलिस की संवेदनशीलता पर गंभीर आघात है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब गंभीर मारपीट और सिर फोड़ने जैसी वारदातों में भी पुलिस मूकदर्शक बनी रहेगी, तो आम जनता अपनी सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करेगी। घटना को लेकर क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

अब सवाल यह उठता है कि

क्या गंभीर रूप से घायल युवक को न्याय मिलेगा?

क्या दोषियों को पुलिस संरक्षण प्राप्त है?

और क्या कोरबा कोतवाली थाना आम नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से ले रहा है?

जनता और सामाजिक संगठनों ने इस पूरे मामले की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जांच, दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तथा हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। अब देखना यह है कि पुलिस प्रशासन कब तक मौन तोड़कर इस मामले में जवाबदेही तय करता है।

About The Author