कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: भारी वाहन की चपेट में आकर वीडियोग्राफर की मौत
कोरबा के मानिकपुर रेलवे कॉलोनी मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पेट्रोल पंप के पास हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला मेडिकल अस्पताल भेज दिया।
होली के काम से जा रहा था युवक
मृतक की पहचान 22 वर्षीय गौरव श्रीवास के रूप में हुई है, जो सीएसईबी कॉलोनी का निवासी और पेशे से वीडियोग्राफर था। वह होली के लिए मिले वीडियोग्राफी ऑर्डर के सिलसिले में बातचीत करने जा रहा था। घटना की सूचना मिलते ही उसके दोस्त और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए।
सिर पर पहिया चढ़ने से मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, गौरव मुड़ापार की ओर से टीपी नगर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार भारी वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। वाहन का पहिया उसके सिर पर चढ़ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।









