कोरबा: मोटरसाइकिल के लिए पैसे न देने पर पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डामौकुंडा में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतिका के बेटे ने बांगो थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके माता-पिता ही घर में रहते थे। घटना वाले दिन उसके पिता कल्लू उर्फ कल्याण सिंह ने फोन कर कहा कि उसकी मां उठ नहीं रही है और उसे तुरंत घर आने को कहा। सूचना के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हुआ हत्या का खुलासा

प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पोड़ी भेजा गया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत को सामान्य न बताते हुए गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

पूछताछ में पति ने कबूला जुर्म

जांच के दौरान मृतिका हिरोंडिया मरावी (41 वर्ष) के पति कल्याण सिंह (42 वर्ष) पर पुलिस का संदेह गहराया, क्योंकि घटना के समय घर में वही दोनों मौजूद थे। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी ने बताया कि वह पिछले 2–3 दिनों से अपनी खराब मोटरसाइकिल की मरम्मत के लिए पत्नी से पैसे मांग रहा था। पत्नी ने यह सोचकर पैसे देने से मना कर दिया कि वह शराब पीकर पैसे बर्बाद कर देगा। इसी बात को लेकर 7 फरवरी 2026 को दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर कल्याण सिंह ने पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या को सामान्य दिखाने की कोशिश

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद उसने शव को सोई हुई अवस्था में लिटा दिया और खुद शराब पीकर कमरे में बेसुध पड़ा रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

About The Author