मानवता की जीत: कोरबा में 3 दिनों से प्लास्टिक के डिब्बे में फंसा था कुत्ते का सिर, रेस्क्यू टीम ने बचाई जान
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से बेजुबान जानवर की मदद और मानवता की एक सुंदर तस्वीर सामने आई है। यहाँ मुड़ीपार आवासीय कॉलोनी के पास एक कुत्ता पिछले तीन दिनों से अपनी जिंदगी के लिए जद्दोजहद कर रहा था। उसके सिर पर एक सख्त प्लास्टिक का डिब्बा फंस गया था, जिसे निकालने में वह असमर्थ था। अंततः मंगलवार देर रात रेस्क्यू टीम ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तीन दिनों तक भूखा-प्यासा भटकता रहा बेजुबान
मुड़ीपार कॉलोनी के लोगों ने देखा कि एक कुत्ता सिर पर नीले रंग का प्लास्टिक डिब्बा लिए इधर-उधर भाग रहा है। डिब्बा फंसे होने के कारण वह न तो कुछ खा पा रहा था और न ही पानी पी पा रहा था। भूख और प्यास से व्याकुल कुत्ता काफी डरा हुआ था, जिस वजह से वह लोगों को अपने पास आने भी नहीं दे रहा था।
आरसीआरएस टीम की लगातार कोशिशें
कुत्ते की हालत देख स्थानीय लोगों ने ‘एनिमल रेस्क्यू एंड केयर एंड रिहेबिलिटेशन सोसाइटी’ (RCRS) की टीम को सूचना दी। टीम पिछले तीन दिनों से उसे पकड़ने की कोशिश कर रही थी, लेकिन कुत्ता डर के मारे भाग निकलता था।
राहत की सांस
जैसे ही डिब्बा सिर से निकला, कुत्ते ने चैन की सांस ली और तुरंत पानी पिलाया गया। टीम के सदस्यों ने बताया कि अगर समय रहते डिब्बा नहीं निकलता, तो दम घुटने या डिहाइड्रेशन से कुत्ते की मौत हो सकती थी।









