• nagardarpannews

कटघोरा हत्या कांड का मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपी गिरफ्तार, चुनावी रंजिश निकली हत्या की वजह

कटघोरा (कोरबा)। केशलपुर क्षेत्र में पूर्व जनपद उपाध्यक्ष अक्षय गर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस सनसनीखेज हत्या कांड में मास्टरमाइंड समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के पीछे चुनावी रंजिश मुख्य कारण रही।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जनपद पंचायत बिंझरा चुनाव में हार के बाद अक्षय गर्ग का एक नजदीकी प्रतिद्वंद्वी से विवाद लगातार बढ़ता गया। करीब एक वर्ष पहले चुनावी हार को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट की घटना भी हुई थी। तभी से बदले की भावना पनप रही थी, जो अंततः इस हत्या का कारण बनी।

बताया गया कि वारदात को तीन लोगों द्वारा अंजाम दिया गया था। जांच के दौरान अर्बन कुजूर और मुस्ताक सहित अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में लिया।

पुलिस को घटना स्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने भी संदिग्ध गतिविधियों को देखने की पुष्टि की है। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के दिन सुबह करीब 11 बजे मुस्ताक ने अपनी गाड़ी एक गैराज में खड़ी की और वहां से चला गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने दोपहर में उक्त वाहन को जब्त कर लिया था।

फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े और भी खुलासे जल्द किए जा सकते हैं।

About The Author