CG NEWS : खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ी बाइक, पिता और मासूम बेटे ने गंवाई जान
CG NEWS : बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सनौद थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे एक मोटरसाइकिल जा टकराई। हादसे में बाइक सवार पिता और उसके 12 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, डागेश्वर साहू (34) अपने दोनों बेटों वेद प्रकाश (12) और अनुराग (8) के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने मामा के घर मोहारा गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से अपने गांव गजराबांधा लौट रहे थे।
इसी दौरान सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक CG 08 AU 7510 के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डागेश्वर साहू और उनके बड़े बेटे वेद प्रकाश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
8 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल
हादसे में डागेश्वर साहू का 8 वर्षीय बेटा अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। बच्चे की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही सनौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद पुलिस सड़क हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।










