• nagardarpannews

Korba Crime News: ₹7 लाख की धोखाधड़ी के आरोपी को पुलिस ने बस स्टैंड से पकड़ा, 3 स्थायी वारंट भी थे लंबित

कोरबा। Korba Crime News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ₹7 लाख की धोखाधड़ी के मामले में रजगामार पुलिस ने आरोपी हनुमान प्रसाद यादव को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मकान, जमीन और मलबा बेचने का इकरारनामा कर रकम लेने के बाद संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं कराने और कथित तौर पर उसी जमीन को किसी अन्य व्यक्ति को बेचने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ धारा 138 NI Act के तीन स्थायी वारंट भी लंबित थे। पुलिस ने आरोपी को उत्तर प्रदेश से लौटते समय रतनपुर बस स्टैंड से गिरफ्तार किया।

इकरारनामा कर लिए थे ₹7 लाख

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सिकंदर ने रजगामार चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि हनुमान प्रसाद यादव और उसकी पत्नी अनीता यादव ने 22 नवंबर 2023 को मकान, जमीन और मलबे की बिक्री के संबंध में इकरारनामा किया था।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इकरारनामा के एवज में आरोपी पक्ष ने उससे ₹7 लाख प्राप्त किए। रकम लेने के बाद न तो शिकायतकर्ता के पक्ष में संपत्ति की रजिस्ट्री कराई गई और न ही उसे मलबा दिया गया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने जिस जमीन का सौदा किया था, उसे बाद में किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया। मामले में रजगामार पुलिस ने अपराध क्रमांक 80/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

उत्तर प्रदेश से लौटते समय रतनपुर में पकड़ा गया

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार पतासाजी कर रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था।

इसी दौरान 1 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी उत्तर प्रदेश से वापस लौट रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए रतनपुर बस स्टैंड में बस से उतरते समय हनुमान प्रसाद यादव को पकड़ लिया।

चेक बाउंस के 3 स्थायी वारंट भी थे

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम (NI Act) की धारा 138 के तहत न्यायालय द्वारा जारी तीन स्थायी वारंट भी लंबित थे।

ये वारंट वर्ष 2022 और 2024 में चेक बाउंस से जुड़े मामलों में जारी किए गए थे। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इन वारंटों में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

About The Author