Asian Games 2026: भारतीय खिलाड़ियों की तिरंगे के साथ एंट्री ने जीता दिल, क्लोजिंग सेरेमनी में दिखा देशभक्ति का रंग
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी में भारतीय खिलाड़ियों का जोश और देशभक्ति देखने को मिली। भारतीय दल की स्टेडियम में एंट्री के दौरान पूरा माहौल ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा। श्रीलंका और चीन के बाद जब भारतीय खिलाड़ी मैदान में पहुंचे, तो उनके चेहरों पर देश के लिए मेडल जीतने का गर्व साफ नजर आया।
भारतीय खिलाड़ियों ने हाथों में छोटे-छोटे तिरंगे थाम रखे थे और कई खिलाड़ी विक्ट्री साइन बनाते हुए नजर आए। इन तस्वीरों ने खेल प्रशंसकों का दिल जीत लिया। थाईलैंड और कंबोडिया के दलों से पहले भारतीय टीम ने पूरे स्टेडियम का चक्कर लगाया।
21 गोल्ड समेत 85 मेडल, चौथे स्थान पर रहा भारत
एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कुल 85 पदक अपने नाम किए। भारतीय दल ने 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज समेत कुल 85 मेडल जीतकर मेडल टैली में चौथा स्थान हासिल किया।
हालांकि, यह प्रदर्शन 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में जीते गए 106 पदकों से कम रहा, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने कई खेलों में शानदार प्रदर्शन किया। क्लोजिंग सेरेमनी के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और तिरंगे के साथ उनका जश्न भारत के सफल अभियान की तस्वीर पेश कर रहा था।
शूटिंग, एथलेटिक्स और तीरंदाजी में भारत का शानदार प्रदर्शन
भारत के 85 पदकों में एथलेटिक्स का सबसे बड़ा योगदान रहा। भारतीय एथलीटों ने इस खेल में 24 पदक जीते। इसके अलावा शूटिंग में 15 और तीरंदाजी में 9 पदक भारत की झोली में आए।
शूटिंग में नीरू ढांडा ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर भारत के अभियान में अहम योगदान दिया। एथलेटिक्स, शूटिंग और तीरंदाजी में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने देश की पदक उम्मीदों को मजबूत किया।
10 हजार से ज्यादा एथलीटों ने लिया हिस्सा
नागोया एशियन गेम्स 2026 की क्लोजिंग सेरेमनी में पिछले दो सप्ताह की प्रमुख खेल गतिविधियों का एक विशेष हाइलाइट रील भी दिखाया गया। इस एशियाई खेल महाकुंभ में एशिया के विभिन्न देशों से 10 हजार से अधिक एथलीटों ने हिस्सा लिया।
खेलों के दौरान खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ दोस्ती और खेल भावना का भी प्रदर्शन देखने को मिला। क्लोजिंग सेरेमनी में इन्हीं यादगार पलों को स्क्रीन पर दोबारा दिखाया गया।
कतर के दोहा में होगा अगला एशियन गेम्स
समापन समारोह में एशियाई ओलंपिक परिषद (OCA) के कार्यवाहक प्रमुख शेख जोआन बिन हमद अल थानी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की।
नागोया एशियन गेम्स के समापन के साथ अब एशिया के सबसे बड़े खेल आयोजन का अगला पड़ाव दोहा, कतर होगा। अगले एशियन गेम्स में एक बार फिर एशिया के शीर्ष खिलाड़ी पदकों के लिए मुकाबला करते नजर आएंगे।










