CG NEWS : देर रात अनियंत्रित कार पुलिया से टकराई, 3 युवकों की मौत; 2 गंभीर घायल
CG NEWS : राजनांदगांव, 5 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में जन्मदिन की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने निकले पांच युवकों की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। सोमनी थाना क्षेत्र के टेडेसरा बस्ती के पास नेशनल हाईवे पर देर रात करीब डेढ़ बजे कार अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक हादसे में ठेकेदार समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हैं। दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है।
जन्मदिन के बाद दोस्तों के साथ निकले थे
पुलिस के मुताबिक, दुर्ग निवासी अभिषेक सिंह ठाकुर (30) इलेक्ट्रिकल और सिविल गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर के तौर पर काम करता था। 3 अक्टूबर को उसका जन्मदिन था। अभिषेक ने दिन में परिवार के साथ जन्मदिन मनाया था। इसके बाद देर रात वह दोस्तों के साथ ढाबे में खाना खाने के लिए कार से राजनांदगांव की ओर रवाना हुआ।
कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी भिलाई से राजनांदगांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टेडेसरा बस्ती के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पुलिया से जा टकराई।
हादसे में अभिषेक सिंह ठाकुर (30) और तोषण तिवारी (29) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल प्रशांत दास (27) को मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे में घायल सूरज पांडे और चिंटू का अस्पताल में इलाज जारी है।
खाना खाने के लिए दूसरे ढाबे की ओर जा रहे थे
परिजनों के अनुसार, पांचों दोस्त पहले एक ढाबे पर पहुंचे थे, लेकिन वहां खाना नहीं मिला। इसके बाद वे दूसरे ढाबे की ओर जाने लगे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अभिषेक की कार आगे निकल गई। बाद में कार को वापस मोड़कर लौटते समय सोमनी नाले के सामने यह भीषण हादसा हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही सोमनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।
दो छोटी बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक सिंह ठाकुर की दो छोटी बेटियां हैं। जिस पिता ने कुछ घंटे पहले ही अपने परिवार के साथ जन्मदिन की खुशियां मनाई थीं, उसकी सड़क हादसे में मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
एक तरफ घर में जन्मदिन की खुशियां थीं, तो दूसरी तरफ कुछ ही घंटों बाद परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल सोमनी पुलिस हादसे की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार अनियंत्रित होने के पीछे तेज रफ्तार के अलावा कोई अन्य वजह तो नहीं थी।










