कोरबा के कटघोरा में कपड़ा व्यापारी का तालाब में शव मिला, बच्चों ने देखा और निकाला
कोरबा। कटघोरा क्षेत्र के राधासागर तालाब में एक कपड़ा व्यापारी का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान जुगल अग्रवाल (45 वर्ष) के रूप में हुई है। जुगल अग्रवाल सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। तालाब के पास खेल रहे बच्चों ने पानी में तैरते शव को देखा और तुरंत बाहर निकाला। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि मॉर्निंग वॉक के बाद जुगल अग्रवाल तालाब में हाथ-पैर धोने गए थे और इसी दौरान फिसलकर तालाब में गिर गए होंगे। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचित किया गया। जुगल अग्रवाल अंबिकापुर-कटघोरा मुख्य मार्ग पर ‘जुगल क्लॉथ स्टोर’ नाम से दुकान चलाते थे और क्षेत्र के जाने-माने व्यापारी थे।
इस घटना से कटघोरा क्षेत्र के व्यापारियों में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद मामले की पूरी जांच कर रही है।









