रेलवे स्टेशन में दिव्यांग पार्किंग स्थल बनाने की मांग

कोरबा, 19 सितम्बर। कोरबा रेलवे स्टेशन परिसर में दिव्यांगजनों के लिए विशेष पार्किंग स्थल निर्माण की मांग मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक से की गई है।

छत्तीसगढ़ दिव्यांग शासकीय अधिकारी/कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष प्रकाश ठाकसे ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि कोरबा जिला प्रदेश का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक व व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री रेल सेवाओं का लाभ लेते हैं। इनमें अनेक दिव्यांगजन भी शामिल होते हैं, जिन्हें स्टेशन परिसर में पार्किंग व सुगम आवागमन की सुविधा न होने से अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

संघ ने मांग की है कि रेलवे स्टेशन परिसर में दिव्यांगजनों के लिए विशेष पार्किंग स्थल का निर्माण किया जाए। इस सुविधा से दिव्यांगजन न केवल सम्मानजनक अपितु सुगम यात्रा का अनुभव कर सकेंगे। इससे उन्हें होने वाली असुविधाओं से राहत मिलेगी।

संघ का कहना है कि इस सकारात्मक पहल से रेलवे की सुगम्य भारत अभियान की भावना को भी बल मिलेगा तथा दिव्यांगजन मुख्यधारा से और अधिक जुड़े होने का अनुभव करेंगे।

About The Author