धरमजयगढ़ में मुआवजा घोटाले की आशंका: दो माह में 150 से ज्यादा पोल्ट्री फार्म खड़े
धरमजयगढ़ । धरमजयगढ़ विकासखंड के प्रेगनगर से मेदर्मा तक लगभग 150 से ज्यादा मुर्गी पालन पोल्ट्री फार्म अचानक पिछले दो महीनों के भीतर तैयार कर दिए गए हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक यह सब नेशनल हाईवे भारतमाला परियोजना के तहत अधिक मुआवजा राशि हासिल करने की मंशा से किया गया है।
इस मामले में जब अनुविभागीय अधिकारी नवीन भगत से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि इस संबंध में उन्हें किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं है। सवाल यह है कि जब क्षेत्रीय प्रशासन को इस मामले की जानकारी ही नहीं है, तो आखिर किन आधारों पर कुछ ही किलोमीटर के दायरे में 150 से 200 पोल्ट्री फार्म खड़े हो गए।
ग्रामीणों का कहना है कि अचानक इतनी बड़ी संख्या में पोल्ट्री फार्म का निर्माण शक के दायरे में है। वहीं, यह भी आशंका जताई जा रही है कि इस काम के पीछे मुआवजा राशि बटोरने की योजना हो सकती है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले की जांच कब और किस स्तर पर करता है तथा जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।















