धरमजयगढ़: मांड नदी किनारे डोंगा घाट पर अवैध रेत उत्खनन जारी
धरमजयगढ़ । धरमजयगढ़ कॉलोनी स्थित नीचे पारा से बहने वाली मांड नदी के डोंगा घाट किनारे अवैध रेत उत्खनन लगातार जारी है। यहां पर रेत निकालने वालों के पास किसी भी प्रकार की अनुमति या वैध साक्ष्य मौजूद नहीं है कि वे प्रशासन से अनुमति लेकर कार्य कर रहे हैं। बावजूद इसके, खुलेआम रेत खनन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नदी घाटों से दिन-रात ट्रैक्टर और अन्य साधनों के जरिए रेत की अवैध निकासी हो रही है। इसकी जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों तक बार-बार पहुंचाई जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी तरह की ठोस कार्रवाई देखने को नहीं मिली है।
गौरतलब है कि हाल ही में भारतमाला परियोजना में भ्रष्टाचार और मुआवजा घोटाले को लेकर कई अधिकारी गिरफ्तार हुए थे। ऐसे में अवैध रेत उत्खनन का यह मामला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही इस पर रोक नहीं लगाई गई तो मांड नदी के किनारों पर कटाव बढ़ेगा और पर्यावरणीय संकट गहराने की आशंका है।
अब देखना होगा कि प्रशासन अवैध रेत उत्खनन पर रोक लगाने के लिए क्या कदम उठाता है और दोषियों पर कब कार्रवाई होती है।















