कोरबा ब्रेकिंग: खेत में विवाद के बाद पत्नी की संदिग्ध मौत, मारपीट के आरोप में पति फरार
कोरबा। बांगो थाना क्षेत्र के एत्मानगर अंतर्गत ठाड़पखना गांव में खेत में काम करने के दौरान पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद गंभीर घटना में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिसके बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी पति फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, ठाड़पखना निवासी गंगोत्री बाई अपने पति जगमोहन के साथ खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर जगमोहन ने कथित तौर पर गंगोत्री बाई के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। महिला के घायल होने के बाद पति उसे खेत में छोड़कर वहां से फरार हो गया।
देवर घायल महिला को लेकर पहुंचा घर
घटना की जानकारी मिलने पर गंगोत्री बाई का देवर मनमोहन मौके पर पहुंचा। उसने घायल महिला को खेत से घर लाया। परिजनों के मुताबिक, उस समय महिला की सांसें चल रही थीं। मनमोहन के अनुसार, पानी आदि पिलाने के कुछ देर बाद गंगोत्री बाई की मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य
महिला की मौत की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बांगो थाना से एएसआई नरेंद्र डिक्सेना और वैज्ञानिक अधिकारी विश्वजीत कोसरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव का पंचनामा तैयार कर मर्ग कायम किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
घटना के बाद से पति जगमोहन फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। महिला की मौत मारपीट में आई चोटों के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह और घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।









