कोरबा ब्रेकिंग: मजदूरी के पैसे लूटकर अधेड़ को नदी में फेंका, लकड़ी के सहारे बची जान

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम जुराली में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने मजदूरी कर घर लौट रहे 53 वर्षीय किशन लाल पटेल के साथ मारपीट की और उसके पास रखे करीब 10 हजार रुपये लूटकर अहिरन नदी में फेंक दिया। तेज बहाव में बहते किशन लाल को एक लकड़ी का सहारा मिला, जिसकी मदद से वह किसी तरह नदी के किनारे पहुंचा और बेहोश हो गया।

शराब पीने के बहाने बनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक, जुराली निवासी किशन लाल पटेल दीपका में कोयला लेबलिंग का काम करता है। शुक्रवार देर शाम वह करीब सात दिन बाद मजदूरी कर अपने गांव लौट रहा था। गांव से कुछ दूरी पर उसे कुछ लोग शराब पीते हुए मिले। बताया जा रहा है कि किशन लाल भी उनके साथ बैठ गया।

इसी दौरान कथित तौर पर बदमाशों को पता चला कि किशन लाल के पास मजदूरी की रकम है। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाया और अहिरन नदी किनारे पंप हाउस के पास ले गए।

बेरहमी से मारपीट कर नदी में फेंका

आरोप है कि नदी किनारे बदमाशों ने किशन लाल के साथ जमकर मारपीट की और उसके पास रखे करीब 10 हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद उसे नदी में धकेल दिया गया। तेज बहाव में किशन लाल बहने लगा, तभी उसे एक लकड़ी मिल गई। उसने लकड़ी को पकड़ लिया और किसी तरह नदी के किनारे पहुंचने में कामयाब रहा।

इसके बाद वह पूरी रात बारिश के बीच अर्धबेहोशी की हालत में नदी किनारे पड़ा रहा।

सुबह राहगीरों ने देखा, अस्पताल में भर्ती

अगली सुबह राहगीरों की नजर किशन लाल पर पड़ी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। उसके शरीर पर चोट के निशान थे और चेहरा बुरी तरह सूजा हुआ था। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अस्पताल में किशन लाल ने अपने बेटे सुरेश और अन्य परिजनों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण पुलिस उसका बयान दर्ज नहीं कर सकी।

अवैध शराब कारोबार की भी चर्चा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जुराली, कर्सनिया और आसपास के गांवों में अवैध शराब के कारोबार की शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि, इस मामले में पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में शामिल आरोपी कौन हैं और वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

फिलहाल कटघोरा पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। घटना में लूट, मारपीट और नदी में फेंके जाने के आरोपों की जांच के साथ पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

About The Author