बिलासपुर में राज्य स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव एवं हिरक पंख शिविर का भव्य शुभारंभ

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कब-बुलबुल उत्सव एवं हिरक पंख चतुर्थ चरण जाँच शिविर का शुभारंभ आज दिनांक 03 अगस्त 2025 को साइंस कॉलेज मैदान, सरकण्डा, बिलासपुर में गरिमामयी वातावरण में संपन्न हुआ। यह चार दिवसीय शिविर 02 अगस्त से 05 अगस्त 2025 तक चलेगा।

शिविर में छत्तीसगढ़ राज्य के 15 जिलों से 400 चयनित कब-बुलबुल (प्राथमिक स्तर के विद्यार्थी) एवं 41 प्रभारी अधिकारी भाग ले रहे हैं। इस शिविर का उद्देश्य बच्चों में सेवा, सहयोग, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्रीय चरित्र निर्माण को प्रोत्साहित करना है।

शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी रहीं, जबकि अध्यक्षता डॉ. सोमनाथ यादव, राज्य मुख्य आयुक्त, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ ने की।
अन्य विशिष्ट अतिथियों में श्री कैलाश सोनी (राज्य सचिव), श्री विजय कुमार टंडे (जिला शिक्षा अधिकारी), श्री चन्द्रप्रकाश बाजपेयी (जिला मुख्य आयुक्त, बिलासपुर) एवं श्री विजय यादव (राज्य संगठन आयुक्त) उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कब-बुलबुल प्रतीक-चिह्न (लोगो) का विमोचन भी किया गया। यह लोगो छत्तीसगढ़ राज्य के नक्शे में बुलबुल पक्षी, बाघ शावक एवं “कोशिश करो” जैसे प्रेरणादायक संदेश के साथ बच्चों की पहचान और उद्देश्य को दर्शाता है।

शिविर की प्रमुख गतिविधियों में शामिल हैं:

हिरक पंख जाँच गतिविधियाँ – प्राथमिक उपचार, गांठें, झंडा विधि, शिविर शिष्टाचार

देशभक्ति गीत, समूहगान, सेवा कार्य, सांस्कृतिक प्रस्तुति एवं लोकनृत्य

योग अभ्यास, शारीरिक प्रशिक्षण एवं समूहगत खेल

यह शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व कौशल, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं अनुशासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

About The Author