गणेश उत्सव को लेकर कोरबा पुलिस का विशेष अभियान, बदमाशों और वारंटियों पर कार्रवाई; अवैध शराब भी जब्त
कोरबा। आगामी गणेश उत्सव और विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने जिले में विशेष अभियान तेज कर दिया है। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों, वारंटियों, अवैध शराब कारोबारियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को कोरबा अनुविभाग क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न मामलों में कार्रवाई की गई।
कतता दिखाकर डराने वाले आरोपी पर Arms Act के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र में हर्ष वैष्णव उर्फ गब्बर द्वारा सरमंगला क्षेत्र में कतता दिखाकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
40 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त
विशेष अभियान के दौरान अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी जीतू साहू निवासी वायनली डुग्गू के कब्जे से 40 लीटर महुआ शराब बरामद कर जब्त की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
वारंटियों और अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई
गणेश उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए गए अभियान में पुलिस ने वारंटियों और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक अभियान के दौरान:
- 7 गिरफ्तारी वारंट तामील कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
- 6 स्थायी वारंट में कार्रवाई की गई।
- 10 आरोपियों को अन्य प्रकरणों में गिरफ्तार किया गया।
- 2 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
- 10 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
गणेश उत्सव और विसर्जन को लेकर पुलिस अलर्ट
गणेश उत्सव और आगामी विसर्जन को देखते हुए कोरबा पुलिस द्वारा पूरे अनुविभाग क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग, निगरानी और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही है। पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे व्यक्तियों और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश उत्सव के दौरान शांति भंग करने, अवैध शराब के परिवहन या बिक्री, हथियारों का प्रदर्शन अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस की नागरिकों से अपील
कोरबा पुलिस ने नागरिकों और गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।









