• nagardarpannews

कोरबा की पुरानी बस्ती में सनसनी, घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला महिला का शव

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर की पुरानी बस्ती स्थित रानी रोड क्षेत्र में 50 वर्षीय महिला का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान गीता तंवर उर्फ गीता बाई कंवर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पड़ोसियों ने घर के अंदर देखा शव

जानकारी के अनुसार, गीता तंवर पुरानी बस्ती के रानी रोड इलाके में रहती थी। बताया जा रहा है कि उसने घर के सामने वाले कमरे में साड़ी से फंदा लगाया था। काफी देर तक घर में कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों ने अंदर जाकर देखा तो महिला का शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई।

दो साल पहले हुई थी बेटे की मौत

परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक, करीब दो साल पहले महिला के बेटे की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अकेले रह रही थी और अक्सर बेटे को याद कर दुखी रहती थी। बताया जा रहा है कि दीपावली के दौरान भी उसने बेटे के बिना घर सूना लगने की बात कही थी।

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। प्रारंभिक जानकारी में महिला के बेटे की दो साल पहले मौत होने और उसके बाद से अकेले रहने की बात सामने आई है।

उन्होंने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिजनों ने बेटे की मौत के सदमे को घटना की वजह बताया है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मौत की वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

About The Author