कोरबा: खेतार गहनिया गांव में 5 दिन से बिजली गुल, ग्रामीण खुद चंदा कर सुधारने की तैयारी में जुटे
कोरबा। जिले के खेतार गहनिया गांव के लोग पिछले 5 दिनों से अंधेरे में जिंदगी गुजारने को मजबूर हैं। लगातार शिकायतों के बाद भी बिजली विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं होने पर अब ग्रामीणों ने खुद चंदा इकट्ठा कर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की ठानी है।
जानकारी के अनुसार, गांव में बीते शुक्रवार से बिजली की सप्लाई पूरी तरह ठप है। विभागीय अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन कोई कर्मचारी मरम्मत के लिए नहीं पहुंचा। गर्मी और बारिश के बीच ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती ही जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली नहीं होने से पीने का पानी तक भर पाना मुश्किल हो गया है। घरों में बच्चों और बुजुर्गों का हाल बेहाल है। रात के समय पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है।
बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल
ग्रामीण रामदीन यादव ने बताया, “परेशान होकर गांव वालों ने फैसला लिया है कि हर घर से कुछ रकम एकत्र कर वायरमैन को बुलाकर ट्रांसफार्मर की मरम्मत कराएंगे। अगर विभाग नहीं सुधरा, तो मजबूरी में हमें यही करना पड़ेगा।”
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है और चेतावनी दी है कि जल्द ही सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से कार्यालय का घेराव करेंगे।
आवश्यक सेवाएं प्रभावित
बिजली ठप होने से स्कूल, आंगनबाड़ी और सरकारी हैंडपंप भी प्रभावित हैं। मोबाइल फोन चार्ज नहीं हो पा रहे, जिसके कारण संचार व्यवस्था भी ठप पड़ी है।








