‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान: स्कूटी चोरी का खुलासा, दो मामलों में चार नाबालिग पकड़ाए, गैस सिलेंडर चोर भी गिरफ्तार
कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी और थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने स्कूटी चोरी और चोरी के अन्य मामलों का खुलासा करते हुए आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस सहायता केंद्र सीएसईबी के अंतर्गत थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 497/2026 की जांच के दौरान चोरी गई स्कूटी की बरामदगी करते हुए दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया। बरामद स्कूटी को जब्त कर दोनों बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसी प्रकार थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 564/2026 में वाहन क्रमांक CG 12 AY 5376 की चोरी के मामले में भी दो अन्य विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया। पूछताछ में दोनों ने स्कूटी चोरी की बात स्वीकार की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद उन्हें भी किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
वहीं, एक अन्य कार्रवाई में थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी के मामले में दिलचंद आदिले (23 वर्ष), निवासी अटल आवास, खम्हरिया को गिरफ्तार किया। आरोपी ने घर के पीछे रखे गैस सिलेंडर और स्टील सामग्री चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का सामान बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।









