• nagardarpannews

Korba Crime News: कंप्यूटर-मोबाइल दुकान में चोरी का 48 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी समेत 2 नाबालिग गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चोरी के एक मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली स्थित प्रमोद कंप्यूटर और मोबाइल शॉप में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो नाबालिगों को पकड़ा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई लोहे की सरिया, स्कूटी और 9 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

शटर का ताला तोड़कर दुकान में घुसे थे चोर

चोरी की घटना शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी रात हुई थी। सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक ने देखा कि शटर का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपए गायब मिले।

इसके बाद प्रार्थी ने उरगा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 449/2026 के तहत BNS की धारा 331(4) और 305(ए) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से मिला अहम सुराग

बरपाली क्षेत्र में पहले से मिल रही चोरी की शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों पर जांच केंद्रित की। दुकान के आसपास लगे CCTV कैमरों के साथ बैंक में लगे कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई।

CCTV फुटेज में तीन युवक एक मोपेड पर आते हुए दिखाई दिए। फुटेज के मुताबिक, एक युवक मोपेड लेकर सड़क पर खड़ा रहा, जबकि उसके दो साथी दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।

पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में आरोपियों के चेहरे और मोपेड का नंबर भी दिखाई दिया, जिससे उनकी पहचान करने में मदद मिली।

मड़वारानी से लाए थे लोहे की सरिया

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे बिलासपुर से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बंद दुकान पर पड़ी और उन्होंने चोरी की योजना बनाई।

आरोपियों ने शटर और जमीन के बीच मौजूद गैप को देखकर दुकान में घुसने का तरीका निकाला। इसके लिए वे मड़वारानी से लोहे की सरिया लेकर आए और उसकी मदद से शटर उठाकर दुकान के अंदर दाखिल हुए।

चोरी के बाद आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गए।

About The Author