Korba Viral Video: रील के चक्कर में चलती बोलेरो से बाहर निकला युवक, हाथ में शराब की बोतल; ड्राइवर गिरफ्तार
कोरबा.छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोशल मीडिया पर रील और ज्यादा व्यूज पाने के चक्कर में खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। हेलीपैड क्षेत्र में कुछ युवकों ने चलती बोलेरो से स्टंट किया। वायरल वीडियो में एक युवक गाड़ी की खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। उसके हाथ में शराब की बोतल भी नजर आ रही है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू की। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बोलेरो चालक राहुल पटेल की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। स्टंट में इस्तेमाल बोलेरो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
चलती बोलेरो से बाहर निकलकर किया स्टंट
जानकारी के मुताबिक, बीते दिनों कुछ युवक बोलेरो वाहन क्रमांक CG 12 BK 5855 में सवार होकर कोरबा के हेलीपैड क्षेत्र पहुंचे थे।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बोलेरो के चलते समय एक युवक खिड़की से बाहर निकलकर खतरनाक स्टंट कर रहा है। उसके हाथ में शराब की बोतल भी दिखाई दे रही है।
चलती गाड़ी में इस तरह की लापरवाही से किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था। स्टंट के दौरान युवक के साथ-साथ सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।
रील के लिए किया खतरनाक स्टंट
बताया जा रहा है कि युवकों ने स्टंट का वीडियो खुद बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
पूछताछ के दौरान युवकों ने कथित तौर पर बताया कि वे सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे और ज्यादा व्यूज हासिल करने के उद्देश्य से इस तरह का स्टंट किया था।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने चालक को पकड़ा
वीडियो सामने आने के बाद मानिकपुर चौकी पुलिस ने वाहन और उसमें सवार युवकों की पहचान शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो के साथ उपलब्ध अन्य साक्ष्यों की मदद से बोलेरो चालक की पहचान की।
जांच में राहुल पटेल, पिता राकेश पटेल, निवासी सुभाष ब्लॉक शॉपिंग सेंटर के पीछे, की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।









