Korba News: सर्वमंगला चौक पर भीषण हादसा, ट्रेलर ने स्कूटी सवार महिला को कुचला
कोरबा। Korba Road Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोमवार सुबह सर्वमंगला चौक पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुसमुंडा की तरफ से कोरबा आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान बुधवारी, कोरबा निवासी मधुलता रात्रे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बलौदा पंचायत में सचिव के पद पर कार्यरत थीं।
मोड़ पर ट्रेलर ने स्कूटी को मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह ट्रेलर क्रमांक CG 12 AY 5608 कुसमुंडा की ओर से कोरबा की तरफ आ रहा था। इसी दौरान सर्वमंगला चौक के मोड़ पर ट्रेलर की टक्कर स्कूटी क्रमांक CG 12 BR 0460 से हो गई।
टक्कर लगते ही स्कूटी सवार महिला सड़क पर गिर पड़ीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया
घटना की सूचना मिलते ही सर्वमंगला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
ट्रेलर चालक हिरासत में
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाकारी ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रेलर चालक को भी पकड़ लिया गया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
भारी वाहनों की आवाजाही बनी चिंता
सर्वमंगला चौक कोरबा-कुसमुंडा मार्ग का बेहद व्यस्त हिस्सा है। इस रास्ते से खदान क्षेत्रों के अलावा आसपास के गांवों और मां सर्वमंगला मंदिर की ओर जाने वाले वाहनों की भी आवाजाही होती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मार्ग पर भारी वाहनों की संख्या अधिक होने के कारण चौक पर लगातार यातायात का दबाव बना रहता है। ऐसे में भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था पर प्रभावी निगरानी की जरूरत है।
सोमवार सुबह हुए हादसे के बाद एक बार फिर सर्वमंगला चौक पर भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।










