‘सजग कोरबा–सतर्क कोरबा’ अभियान: मारपीट के 92 आरोपी गिरफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 चालकों पर कार्रवाई

कोरबा। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत विशेष कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में 24 जून 2026 को जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर मारपीट, विवाद, यातायात नियमों के उल्लंघन और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मारपीट एवं विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 92 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध न्यायालयीन कार्रवाई की। वहीं, जिले के संवेदनशील एवं दुर्गम क्षेत्रों में बाइक पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई और असामाजिक तत्वों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से धारा 170 BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इसके अलावा एक आदतन अपराधी के विरुद्ध धारा 129 BNSS के तहत भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, ताकि भविष्य में संभावित अपराधों और शांति भंग की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

यातायात सुरक्षा अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले 7 वाहन चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक इस धारा के अंतर्गत 1021 वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा चुकी है। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की अन्य धाराओं के तहत भी नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई की गई।

कोरबा पुलिस ने कहा है कि “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

About The Author