कोरबा में स्व. जसराज जैन की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, पत्रकारिता और जनसेवा में योगदान को किया याद
कोरबा के वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक चिंतक स्वर्गीय जसराज जैन की प्रथम पुण्यतिथि पर स्थानीय जैन भवन में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जैन समाज, पत्रकार जगत, सामाजिक संगठनों और शहर के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्व. जसराज जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सामाजिक एवं पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को याद किया।
नवकार मंत्र के जाप से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
श्रद्धांजलि सभा की शुरुआत करीब एक घंटे तक चले सामूहिक नवकार मंत्र के जाप से हुई। इसके बाद आयोजित सभा में विभिन्न वक्ताओं ने स्व. जसराज जैन के साथ बिताए समय और उनसे जुड़ी यादें साझा कीं।
वक्ताओं ने उनकी निर्भीक पत्रकारिता, स्पष्टवादिता और जनहित के मुद्दों को उठाने की प्रतिबद्धता को याद किया। वक्ताओं के मुताबिक, उन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से शहर की समस्याओं को प्रमुखता से सामने रखा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाई।

साथियों ने साझा कीं जसराज जैन से जुड़ी यादें
जैन समाज के कार्यकारी अध्यक्ष एवं चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष योगेश जैन ने कहा कि स्व. जसराज जैन ने जीवनभर जो आदर्श और रास्ता दिखाया, उस पर चलने का संकल्प लिया जाना चाहिए।
इंदिरा बिहार विकास समिति के अध्यक्ष प्रकाश जैन ने उनके आत्मीय और मिलनसार व्यक्तित्व को याद किया। वरिष्ठ पत्रकार कामरेड श्याम बिहारी बनाफर ने उनकी निर्भीक पत्रकारिता और जनहित के मुद्दों के प्रति प्रतिबद्धता को याद किया।
वरिष्ठ पत्रकार सनत दास दीवान ने कहा कि जसराज जैन हमेशा शहर के हित से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे और समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों से संवाद करते थे।
प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं उनके करीबी मित्र किशोर शर्मा ने भावुक होकर उन्हें परिवार के सदस्य जैसा बताया और उनके साथ बिताई यात्राओं एवं यादगार पलों को साझा किया।
बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में पूर्व चेंबर ऑफ कॉमर्स अध्यक्ष मोहन जैन, वरिष्ठ पत्रकार विश्वनाथ केडिया और पारस जैन, प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष गेंदलाल शुक्ला और राजेंद्र जायसवाल, पूर्व महापौर जागेश लांबा, डॉ. बोर्डे, नेहरू महाविद्यालय के प्राचार्य प्रशांत भोपापुरकर सहित कई लोगों ने अपने विचार रखे।
इसके अलावा श्याम मित्र मंडल, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी श्रद्धांजलि सभा में शामिल हुए। जैन समाज के महिला और पुरुष सदस्यों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर स्व. जसराज जैन को श्रद्धांजलि अर्पित की।









