छत्तीसगढ़ के कोरबा में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई।

कोरबा. यह घटना कटघोरा-ढेलवाडीह बायपास मार्ग पर हुई, जहां तेज रफ्तार 407 मिनी ट्रक ने बुलेट सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान आशुतोष कुमार सिंह (29) के रूप में हुई है। वह SECL सुराकछार खदान में माइनिंग सरदार के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वे ड्यूटी खत्म कर अपने घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने 407 वाहन को जब्त कर लिया है और ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है।

About The Author