कोरबा में निःशुल्क अस्थि-रोग परामर्श एवं जाँच शिविर संपन्न, 65 मरीज लाभान्वित
कोरबा। भारतीय जैन संघटना कोरबा, मीना मेमोरियल हॉस्पिटल तथा शैल्बी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में कन्हैयालाल जी गंगवाल की स्मृति में आयोजित निःशुल्क अस्थि-रोग परामर्श एवं जाँच शिविर आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
शिविर का आयोजन एम.जे.एम. चिकित्सालय, नया बस स्टैंड, टी.पी. नगर, कोरबा में प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया गया। शिविर में हड्डी एवं जोड़ों से संबंधित समस्याओं से पीड़ित मरीजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जाँच की गई तथा आवश्यक परामर्श और उपचार संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
इस दौरान कुल 65 मरीजों ने शिविर का लाभ प्राप्त किया। विशेषज्ञों ने घुटना दर्द, कमर दर्द, संधिवात, अस्थि भंग के बाद उत्पन्न समस्याओं एवं अन्य अस्थि रोगों की जाँच कर उचित सलाह प्रदान की। जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार हेतु भी मार्गदर्शन दिया गया।
आयोजकों ने बताया कि ऐसे सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी आयोजनों का उद्देश्य आमजन को उत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर की सफलता पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।









