DTDC रायपुर–कोरबा कोरियर सेवा की बदहाल व्यवस्था, जनता हो रही परेशान

कोरबा। देश की जानी-मानी कोरियर कंपनी डीटीडीसी की रायपुर से कोरबा के बीच कोरियर सेवा इन दिनों पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। स्थिति यह है कि रायपुर से भेजे गए पार्सल और दस्तावेज़ 4 से 5 दिनों तक कोरबा नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे आम जनता के साथ-साथ इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े लोग भी गंभीर परेशानी में फंस गए हैं।

स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का कहना है कि डीटीडीसी कोरबा कार्यालय में समय पर डाक नहीं पहुंच रही है, न ही सही जानकारी दी जा रही है। कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, दवाइयां, कानूनी कागजात और व्यवसायिक पार्सल समय पर नहीं मिलने से आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक तनाव भी बढ़ रहा है।

सबसे चिंताजनक स्थिति इमरजेंसी सेवाओं से जुड़े मामलों की है, जहां समय पर कागजात या सामग्री न मिलने से आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि शिकायत करने पर भी कंपनी प्रबंधन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

जनता ने डीटीडीसी प्रबंधन से शीघ्र व्यवस्था सुधारने, रायपुर–कोरबा रूट पर नियमित और समयबद्ध कोरियर सेवा बहाल करने तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही प्रशासन से भी इस गंभीर लापरवाही का संज्ञान लेने की अपील की गई है, ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।

About The Author