Korba Crime: जमीन के बंटवारे को लेकर खूनी खेल, 85 वर्षीय चाचा की हत्या का आरोप


कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया के सीपत पारा में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि 23 वर्षीय युवक ने अपने 85 वर्षीय चाचा पर टांगिया से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बबन राम यादव (85), पिता बुद्ध राम यादव, निवासी सीपत पारा पिपरिया के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बबन राम यादव का अपने भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23), पिता राम प्रसाद यादव से जमीन के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था।
बताया गया कि 22 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे दोनों के बीच जमीन के बंटवारे और अलग-अलग पाटा किए जाने को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर सोनू उर्फ अशोक यादव पर आरोप है कि उसने टांगिया से बबन राम यादव के सिर पर वार कर दिया।
गंभीर चोट लगने के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पसान पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या की वजह जमीन बंटवारे को लेकर पुराना विवाद होने की जानकारी मिली है।
पुलिस के अनुसार, घटना की पूरी परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है। इसके लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस ने कहा है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Paras Jain, Editor of Nagar Darpan News, delivering insightful journalism with a focus on local and regional news. Stay informed with his expert reporting and analysis.