कोरबा से बड़ी खबर : पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बनवारीलाल अग्रवाल का निधन, आज होगी अंतिम यात्रा

कोरबा, 16 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय बनवारीलाल अग्रवाल का बीती रात बुधवार 15 अक्टूबर को निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे अग्रवाल का उपचार चिकित्सालय में जारी था। उनके निधन की खबर फैलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

अग्रवाल की अंतिम यात्रा आज गुरुवार 16 अक्टूबर को अपराह्न 3 बजे उनके निवास दुरपा रोड कोरबा से मोतीसागर पारा मुक्तिधाम के लिए निकलेगी।

स्व. बनवारीलाल अग्रवाल अपने पीछे पत्नी सहित भाई महावीर प्रसाद अग्रवाल, भतीजे दिव्यानंद अग्रवाल, परमानंद अग्रवाल, हितानंद अग्रवाल और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

1 मई 1947 को ग्राम जपेली (तत्कालीन बिलासपुर जिला, अब कोरबा) में जन्मे अग्रवाल पेशे से अधिवक्ता थे। वे तीन भाइयों में दूसरे क्रम के थे। राजनीतिक करियर की शुरुआत उन्होंने 1993 के विधानसभा चुनाव से की थी, जब कटघोरा से कांग्रेस प्रत्याशी कृष्णालाल जायसवाल को हराकर पहली बार विधायक बने। 1998 में भी उन्होंने कांग्रेस नेता जयसिंह अग्रवाल को 10 हजार से अधिक मतों से हराया और पुनः विधायक निर्वाचित हुए। वे छत्तीसगढ़ की पहली विधानसभा में उपाध्यक्ष रहे।

अग्रवाल भाजपा संगठन में विभिन्न पदों पर सक्रिय रहे। वे 1991-92 में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष थे। मूलतः वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक रहे और स्वर्गीय नानाजी देशमुख के गोंडा प्रकल्प (उत्तर प्रदेश) में भी पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं दीं।

सामाजिक क्षेत्र में भी उनका विशेष योगदान रहा। उन्होंने कोरबा जिले के वनांचल देवपहरी गांव में आश्रम शाला की शुरुआत की थी, जहां आदिवासी बच्चों के लिए निःशुल्क आवास और शिक्षा की व्यवस्था की गई।

👉 अंतिम यात्रा कार्यक्रम
📅 दिनांक – 16 अक्टूबर 2025
⏰ समय – अपराह्न 3 बजे
📍 स्थान – निवास दुरपा रोड से मोतीसागर पारा मुक्तिधाम, कोरबा

About The Author