स्व. जसराज जैन का निधन – पत्रकारिता जगत व नगर समाज को गहरा आघात

समस्याओं को निर्भीकता से उठाने वाले कर्मठ व्यक्तित्व को श्रद्धांजलि -किशोर शर्मा

कोरबा। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी स्व. जसराज जैन (82 वर्ष) के निधन से नगर, जैन समाज और पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। उनका जाना न केवल परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज और नगर की सामाजिक समरसता के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

पत्रकार किशोर शर्मा ने अपने हमपेशा मित्र और अग्रज जसराज जैन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कोरबा आगमन से लेकर अब तक 45 वर्षों का गहरा पारिवारिक रिश्ता उनके साथ रहा। उन्होंने बताया कि जैन जी की सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि नगर की किसी भी समस्या की ओर यदि उनका ध्यान जाता या कोई उन्हें अवगत कराता, तो वे तुरंत सक्रिय हो जाते।

  

82 वर्ष की आयु में भी वे नगरहित के मुद्दों को लेकर अधिकारियों से फोन पर चर्चा करना या उनके कार्यालय जाकर समाधान की मांग करना नहीं छोड़ते थे। इतना ही नहीं, यदि उन्हें किसी अधिकारी की कार्यशैली अनुचित प्रतीत होती तो वे निर्भीकता से अपनी बात सीधे उनके समक्ष रखते थे।

पत्रकारिता जगत में जसराज जैन जी को सदैव एक मृदुभाषी, कर्मठ, और समाजहित को सर्वोपरि मानने वाले व्यक्तित्व के रूप में याद किया जाएगा। उनके निधन से कोरबा नगर और पत्रकारिता जगत की अपूरणीय क्षति हुई है।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें — यही प्रार्थना करते हुए नगरवासी, पत्रकारिता जगत और समाजजन उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

ॐ शांति

About The Author