कोरबा में हाथियों का आतंक: पसान के 5 से ज्यादा इलाकों में घूम रहा 30 हाथियों का झुंड
कोरबा। जिले के कटघोरा वनमंडल के पसान रेंज में हाथियों की सक्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। केंदई, एतमानगर और जटगा रेंज में घूम रहा करीब 30 हाथियों का दल अब पसान क्षेत्र के लैंगी, मोहनपुर और बनिया पहुंच गया है। हाथी अलग-अलग झुंडों में बंटकर पांच से अधिक स्थानों पर विचरण कर रहे हैं। हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं किसानों की धान की फसल को भी नुकसान पहुंच रहा है।
हाथियों ने खेतों में खड़ी धान की फसल रौंदी
बीती रात हाथियों ने कई ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर खेतों में लगी धान की फसल को रौंद दिया। बताया जा रहा है कि अब हाथी दिन के समय भी खेतों में फसल खाते नजर आ रहे हैं, जबकि रात में गांवों के आसपास पहुंच रहे हैं। इससे किसानों को फसल नुकसान की चिंता सता रही है।
वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों को हाथियों के आसपास नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की जा रही है।
झुंड से अलग दंतैल ने कच्चा मकान तोड़ा
हाथियों के झुंड से अलग घूम रहे एक दंतैल हाथी ने मोहनपुर और पोड़ीकला के बीच जंगल में थुहानाला के पास एक ग्रामीण के कच्चे मकान को नुकसान पहुंचाया। घटना रात के समय हुई। हाथी ने मकान को कई जगह से तोड़ दिया।
घटना के समय मकान मालिक परदेशी अपने परिवार के साथ घर के एक कमरे में डरे-सहमे बैठे रहे। हाथी के हमले से मकान को काफी नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति की जान नहीं गई।
अकेले घूम रहे दंतैल से ग्रामीणों को ज्यादा खतरा
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का बड़ा झुंड आमतौर पर गांवों से कुछ दूरी पर रहता है, लेकिन झुंड से अलग होकर घूमने वाले दंतैल हाथियों से खतरा अधिक रहता है। पसान रेंज में सक्रिय हाथियों के दल में दो हाथी अकेले घूम रहे हैं।
इन हाथियों के लगातार स्थान बदलने से वन विभाग की निगरानी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीणों को विशेष रूप से रात के समय सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।
गांवों में मुनादी, जंगल जाने से किया जा रहा मना
हाथियों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है। हाथियों की मौजूदगी वाले गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है।
वन विभाग ने लोगों से जंगल और हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा रात में अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की है। टीम हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर रख रही है।
करतला रेंज में भी 9 हाथियों की मौजूदगी
कोरबा वनमंडल के करतला रेंज में भी 9 हाथियों का दल बेहरसुआं क्षेत्र में पहुंच गया है। इससे पहले ये हाथी लबेद के आसपास विचरण कर रहे थे।
वहीं, चिकनीपाली के पहाड़ पर भी 9 हाथियों का एक अन्य दल मौजूद है। जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण वन विभाग ने निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है।










