• nagardarpannews

कोरबा पुलिस पर अवैध वसूली का आरोप, जांच के बाद सिपाही मनोज पर गिरी गाज

कोरबा। जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र में बांस-बल्ली ले जा रहे ट्रैक्टर चालक से कथित तौर पर 5 हजार रुपए की अवैध वसूली के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। जांच के बाद रजगामार चौकी में तैनात सिपाही मनोज को निलंबित कर दिया गया है, जबकि नगर सैनिक चेतन नारंग को चौकी से हटा दिया गया है।

बिना वर्दी रोककर जेल भेजने की धमकी का आरोप

बताया जा रहा है कि घटना करीब पांच दिन पहले की है। गोढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर में बांस-बल्ली लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बिना वर्दी पहने दो लोगों ने उन्हें रोक लिया और खुद को पुलिसकर्मी बताया।

आरोप है कि दोनों ने बांस के परिवहन की अनुमति नहीं होने की बात कहते हुए योगेंद्र को जेल भेजने की धमकी दी। मामले को खत्म करने के नाम पर उनसे 5 हजार रुपए की मांग की गई। शिकायत के मुताबिक, रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई।

एसपी कार्यालय में शिकायत के बाद जांच

पीड़ित योगेंद्र कुमार ने मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में लिखित रूप से की। शिकायत मिलने के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने जांच के निर्देश दिए।

जांच के दौरान सिपाही मनोज और नगर सैनिक चेतन नारंग की कथित संलिप्तता सामने आने की बात कही गई है।

सिपाही निलंबित, नगर सैनिक पर कार्रवाई के लिए पत्र

CSP प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, जांच के आधार पर सिपाही मनोज को निलंबित कर दिया गया है। वहीं नगर सैनिक चेतन नारंग को चौकी से हटा दिया गया है और उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए नगर सेना के कमांडेंट को पत्र भेजा गया है।

About The Author