“विशेष आवश्यकता वाले बच्चों हेतु मेगा शिविर एवं ‘पर्पल फेयर’ का भव्य आयोजन”
कोरबा, 23 अगस्त 2025। शनिवार को सीएसईबी सीनियर क्लब परिसर में जिला प्रशासन द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए एक दिवसीय जिला स्तरीय मेगा शिविर तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान, राजनांदगांव द्वारा “पर्पल फेयर” का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों एवं दिव्यांगजनों को एक मंच प्रदान कर उनके कौशल, प्रतिभा एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना रहा।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार इस कार्यक्रम की सफलता में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स ने व्यवस्थागत सहयोग प्रदान किया। साथ ही भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कार्यालय द्वारा लगाए गए आकर्षक स्टॉल में स्काउट आंदोलन से संबंधित जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने इस स्टॉल का अवलोकन कर स्काउटिंग के प्रति गहरी रुचि व्यक्त की। इसी अवसर पर “मैसेंजर ऑफ पीस” का संदेश भी प्रसारित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत रहीं, जिन्होंने स्काउट गाइड द्वारा किए गए सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि – “स्काउटिंग केवल अनुशासन ही नहीं, बल्कि सेवा और सहयोग की भावना का सशक्त प्रतीक है।” उन्होंने दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा की भी खुलकर प्रशंसा की।
आयोजन में डीओसी (गाइड) श्रीमती उत्तरा मानिकपुरी, फ्लॉक लीडर नमिता कड़वे, रोवर लीडर जग्गनाथ सिंह नेताम, जिला युवा समिति अध्यक्ष पप्पू चन्द्रा, रेंजर लीडर स्नेहा डडसेना, सीनियर रेंजर पलक पटेल, सोमी रत्नाकर सहित बड़ी संख्या में स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स उपस्थित रहे।
यह आयोजन न केवल विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और दिव्यांगजनों के लिए प्रेरणादायी मंच साबित हुआ, बल्कि स्काउटिंग की सेवा भावना और सामाजिक योगदान का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत किया









