• nagardarpannews

बाल दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वीन्स ने आयोजित की भव्य मैराथन, स्वस्थ जीवन का संदेश लेकर बच्चों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग

बिलासपुर। बाल दिवस के उपलक्ष्य में रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वीन्स द्वारा बहतराई स्टेडियम में एक भव्य मैराथन का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों एवं आम नागरिकों में स्वास्थ्य, फिटनेस और खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर विधायक श्री सुशांत शुक्ला उपस्थित रहे। मैराथन में लाफ्टर क्लब के सदस्यों, रेलवे विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में बच्चों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

मुख्य अतिथि विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में स्वास्थ्य और नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। विशेष बात यह रही कि वे पूरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहकर प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते रहे।

मैराथन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। प्रथम पुरस्कार ₹5,100, द्वितीय पुरस्कार ₹3,100 एवं तृतीय पुरस्कार ₹2,100 प्रदान किया गया। इसके साथ ही विजेताओं को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए उनके उत्साह और प्रयासों की सराहना की गई।

कार्यक्रम में सभी के लिए स्वल्पाहार एवं नाश्ते की भी विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे आयोजन में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बिलासपुर क्वीन्स की अध्यक्ष रोटेरियन भारती सालुंके, सचिव रोटेरियन रिंपी होरा, कोषाध्यक्ष रोटेरियन मंजीत सैनी एवं क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन भारती सालुंके ने सभी प्रतिभागियों, मुख्य अतिथि एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज में सेवा के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देना है। इस प्रकार के आयोजन बच्चों और युवाओं को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित करते हैं।

About The Author