CG: “ऑपरेशन मुस्कान” ने मायूस परिवार के चेहरों पर लौटाई खुशी, दुर्ग पुलिस 181 गुमशुदा बच्चों को सकुशल घर पहुंचाकर प्रदेश में बनी अव्वल
दुर्ग 10 अगस्त 2025। छत्तीसगढ़ पुलिस की ऑपरेशन मुस्कान ने कई मायूस परिवारों के चेहरों पर एक बार फिर मुस्कान लौटाई है। गुमशुदा बच्चों को तलाशने और सकुशल बरामद करने की कड़ी में दुर्ग पुलिस ने पूरे प्रदेश में अपना पहला स्थान बनाया है। जुलाई 2025 में चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान में दुर्ग पुलिस ने 181 गुमशुदा बच्चों का सकुशल बरामद कर उनके परिवार से मिलाने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस अभियान में विशेष भूमिका निभाने वाले 8 थाना प्रभारियों को एसएसपी विजय अग्रवाल ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ऑपरेशन मुस्कान के जरिये गुमशुदा बच्चों की तलाशी अभियान चला रही है। इस अभियान का ही असर है कि आज पुलिस की कड़ी मेहनत से लापता हुए बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिवार को सौंपकर नई खुशियां दी जा रही है। दुर्ग पुलिस द्वारा भी ऑपरेशन मुस्कान के जरिये जुलाई माह में कुल 181 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दुर्ग पुलिस के ऑपरेशन मुस्कान के तहत मिले बच्चों में 31 बालक और 150 बालिकाएं शामिल हैं। जिन्हे सकुशल बरामद कर पुलिस ने उनके परिवार को सुपुर्द किया गया।








