मानिकपुर ओपन कास्ट परियोजना से राख परिवहन पर व्यापारियों ने जताई नाराजगी, 15 दिन में कार्रवाई नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी
कोरबा। जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज कोरबा ने मानिकपुर ओपन कास्ट परियोजना प्रबंधन को पत्र लिखकर राख परिवहन से बिगड़ते यातायात और मार्ग की दयनीय स्थिति पर कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
चैंबर के पदाधिकारियों ने पत्र में बताया कि मानिकपुर ओवर बर्डन डंपिंग यार्ड में फ्लाई ऐश भराई के लिए भारी संख्या में हाईवा वाहनों से राख का परिवहन किया जा रहा है। गौ माता चौक कोरबा से भिलाई खुर्द तक हाईवा वाहन अक्सर मुख्य मार्ग पर खड़े रहते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पानी निकासी की व्यवस्था बाधित होने से मार्ग पर जलभराव की समस्या है, जगह-जगह बड़े गड्ढे हो चुके हैं, और कीचड़ व राख फैलने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इससे न केवल व्यापारी, बल्कि आम नागरिक भी परेशान हैं।
चैंबर ने प्रबंधन से मार्ग की मरम्मत, नियमित सफाई और पानी का छिड़काव सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो संस्था के खिलाफ सार्वजनिक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।















