गरम चाय प्लास्टिक या पॉलिथीन कप में पीना हो सकता है सेहत के लिए खतरनाक, डॉक्टरों ने दी चेतावनी: प्रीति अग्रवाल

अगर आप रोज़ ऑफिस या सड़क किनारे की दुकान से पॉलिथीन पाउच, सस्ते प्लास्टिक कप या प्लास्टिक-लाइन वाले पेपर कप में चाय पीते हैं, तो ये खबर आपके लिए है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि 60°C से ज्यादा गर्म चाय या कॉफी जब इन निम्न-गुणवत्ता वाले कंटेनरों में डाली जाती है, तो उसमें से फ्थैलेट्स, बीपीए (Bisphenol A) और स्टाइरीन जैसे हानिकारक रसायन आपकी चाय में मिल सकते हैं।

डॉक्टरों के अनुसार, ये केमिकल्स और माइक्रोप्लास्टिक्स धीरे-धीरे शरीर में जमा होकर हार्मोनल असंतुलन, प्रजनन क्षमता में कमी, थकान, मोटापा, डायबिटीज़ और यहां तक कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

“इन कप्स की प्लास्टिक कोटिंग या पॉलिथीन हाई टेम्परेचर सहन करने के लिए नहीं बनी होती। जब इनमें गर्म पेय डाला जाता है, तो ये रसायन और माइक्रोप्लास्टिक्स उसमें घुल जाते हैं। रोज़ाना 2-4 बार इस तरह की चाय पीने से ये नुकसान धीरे-धीरे बढ़ता जाता है।

आईआईटी खड़गपुर के एक अध्ययन के मुताबिक, एक पेपर कप में 15 मिनट तक गर्म चाय रखने से करीब 25,000 माइक्रोप्लास्टिक कण निकल सकते हैं। अगर आप दिन में तीन बार ऐसे कप में चाय पीते हैं, तो आप हर दिन 75,000 माइक्रोप्लास्टिक्स निगल सकते हैं।

क्या करें?

चाय या कॉफी के लिए हमेशा स्टील, कांच या सिरेमिक के कप का इस्तेमाल करें।

डिस्पोजेबल प्लास्टिक, पॉलिथीन या प्लास्टिक-लाइन पेपर कप से बचें।

पर्यावरण और सेहत दोनों के लिए ये कदम ज़रूरी हैं।

सावधान रहें, छोटी-सी आदत आपकी सेहत पर बड़ा असर डाल सकती है।

About The Author