पसान पुलिस हिरासत से आरोपी फरार: बाथरूम जाने का बहाना बनाकर चकमा देकर भागा, छेड़छाड़ के मामले में था स्थायी वारंटी
कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से एक आरोपी के फरार होने का मामला सामने आया है। युवती से छेड़छाड़ के पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बाथरूम जाने की बात कही और इसी दौरान मौके से भाग निकला।
फरार आरोपी की पहचान खीरचंद के रूप में हुई है। उसके खिलाफ युवती से छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत केस दर्ज था। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और अदालत की ओर से उसके खिलाफ स्थायी वारंट भी जारी किया गया था।
सूचना के बाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा था
कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत के मुताबिक, खीरचंद धारा 354 के पुराने मामले में स्थायी वारंटी था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी के बारे में सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान उसने बाथरूम जाने की बात कही। पुलिसकर्मियों ने उसे बाथरूम जाने की अनुमति दी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर वहां से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में नाकाबंदी, कई जगह दबिश
आरोपी के फरार होने की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उसके परिचितों और संभावित ठिकानों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
हिरासत से फरार होने पर नया केस दर्ज
पुलिस ने फरार आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 265 के तहत भी मामला दर्ज किया है। इस तरह आरोपी के खिलाफ पुराने छेड़छाड़ के मामले के अलावा पुलिस हिरासत से फरार होने का नया प्रकरण भी दर्ज हो गया है।
कटघोरा एसडीओपी विजय राजपूत ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
आरोपी के फरार होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी के फरार होने की घटना से हिरासत की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान फरार आरोपी को दोबारा पकड़ने पर है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोपी किस तरह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हुआ।









