कोरबा में पुलिसकर्मी बनकर 5 हजार की वसूली! बांस ले जा रहे युवक को जेल भेजने की धमकी, SP से शिकायत

कोरबा। जिले में पुलिसकर्मी बनकर कथित तौर पर वसूली करने का मामला सामने आया है। सिविल ड्रेस में पहुंचे दो लोगों ने ट्रैक्टर से बांस की बल्ली ले जा रहे युवक को रोककर खुद को रजगामार चौकी का पुलिसकर्मी बताया। आरोप है कि दोनों ने बिना परमिट बांस ले जाने पर जेल भेजने की धमकी दी और युवक से ऑनलाइन 5 हजार रुपए ट्रांसफर करा लिए।

मामला बालको थाना क्षेत्र की रजगामार चौकी से जुड़ा है। पीड़ित ने कोरबा एसपी से शिकायत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

ट्रैक्टर रोककर खुद को पुलिसकर्मी बताया

गोढ़ी निवासी योगेंद्र कुमार ट्रैक्टर से बांस की बल्ली लेकर जा रहा था। इसी दौरान सिविल ड्रेस में आए दो लोगों ने उसका ट्रैक्टर रुकवा लिया।

पीड़ित के मुताबिक, दोनों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया और बांस ले जाने के परमिट के बारे में पूछताछ की।

जेल भेजने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप

योगेंद्र कुमार का आरोप है कि दोनों लोगों ने बिना परमिट बांस ले जाने पर उसे जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद उससे रकम की मांग की गई।

पीड़ित ने बताया कि कार्रवाई के डर से उसने ऑनलाइन माध्यम से 5 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद दोनों लोगों ने उसे जाने दिया।

पीड़ित ने SP से की शिकायत

घटना के बाद योगेंद्र कुमार ने कोरबा एसपी कार्यालय पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की। उसने बताया कि दोनों लोगों ने खुद को रजगामार चौकी में पदस्थ पुलिसकर्मी बताया था।

पीड़ित ने शिकायत में मामले की जांच कर कथित रूप से शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद एसपी ने जांच के निर्देश दिए हैं।

रजगामार चौकी के आरक्षक के खिलाफ भी शिकायत

कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि रजगामार चौकी में पदस्थ एक आरक्षक के खिलाफ एसपी कार्यालय में वसूली की शिकायत मिली है। मामले में जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

About The Author