EPF खाताधारकों के लिए बड़ी खुशखबरी: 96% से अधिक सदस्यों को F.Y.25 का ब्याज मिला: प्रीति अग्रवाल
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए घोषित 8.25% ब्याज अपने लगभग 96% सदस्यों के खातों में जमा कर दिया है। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने बताया कि 8 जुलाई 2025 तक 13.86 लाख प्रतिष्ठानों के 32.39 करोड़ सदस्य खातों में ब्याज ट्रांसफर किया जा चुका है। इसका मतलब है कि 99.9% कंपनियों और 96.51% पीएफ खातों के लिए वार्षिक खाता अपडेट पूरा हो गया है।
इस बार ब्याज ट्रांसफर की प्रक्रिया काफी तेज रही है। पिछले साल जहां ब्याज जमा करने में अगस्त से दिसंबर तक का समय लगता था, वहीं इस बार दो महीने के भीतर ही अधिकांश खातों में पैसा पहुंच गया है। केंद्र सरकार ने 22 मई 2025 को 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दी थी, जिसके बाद जून से खातों में ब्याज ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो गई थी।
शेष बचे खातों में भी इस सप्ताह के भीतर ब्याज जमा कर दिया जाएगा। EPFO ने खाताधारकों से अपील की है कि वे अपने पीएफ खाते का बैलेंस मिस्ड कॉल या एसएमएस के जरिए आसानी से चेक कर सकते हैं।
यह कदम करोड़ों कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है और भविष्य निधि खातों में पारदर्शिता और त्वरित प्रोसेसिंग की दिशा में एक बड़ा सुधार माना जा रहा है।








