एक साल पुरानी रंजिश में दोबारा हमला, सहदेव मंडल के घर में तोड़फोड़ और मारपीट, रामपुर पुलिस पर गंभीर आरोप

कोरबा। एक साल पुरानी रंजिश के चलते 12 मई की रात रामपुर थाना क्षेत्र में फिर एक बार मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। यह घटना सहदेव मंडल के घर पर हुई, जहां आधी रात को कुछ लोगों ने घर में घुसकर जबरदस्त तोड़फोड़ की और घरवालों के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से लैस होकर सहदेव मंडल, उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों पर जानलेवा हमला किया, जिससे पूरे परिवार को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। जानकारी के अनुसार 1 साल पूर्व सहदेव मंडल के पुत्र के साथ आरोपियों की किसी बात को लेकर कहां सुनी हुई थी जिसके एक साल बाद उन्होंने घर पर हमला किया।

घटना में अमन राठौर, गुड्डा, शिवम और विशाल सिंह का नाम सामने आया है। बताया गया कि झगड़ा इतना भयानक था कि घर का सामान तहस-नहस हो गया। सहदेव मंडल ने आरोप लगाया है कि सूचना देने के बावजूद रामपुर पुलिस ने समय पर कोई कार्रवाई नहीं की। करीब 15 घंटे बाद एफआईआर दर्ज की गई, लेकिन उसके बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

 

सहदेव मंडल का कहना है कि सभी आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं, जिससे परिवार को अब भी जान का खतरा बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है और जल्द कार्रवाई की मांग की है

About The Author