अवैध रेत उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्यवाही – 20 वाहन जब्त
जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सख्ती बरती जा रही है। कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देशानुसार अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने खनिज विभाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। ग्राम सीतामणी, पताड़ी, सरगबुंदिया, झींका सहित आसपास के क्षेत्रों में छापामार जांच की गई।जांच के दौरान अभिवहन पास में दर्ज मात्रा से अधिक रेत परिवहन, अवैध भंडारण और अवैध उत्खनन करते हुए कुल 20 वाहन/मशीनें पकड़ी गईं। इनमें 05 ट्रैक्टर, 06 टिप्पर, 04 हाईवा, 01 हाईवा (अवैध भंडारण में), 02 चैन माउंटेन मशीनें (अवैध उत्खनन में), 01 हाईवा और 01 ट्रेलर (गिट्टी के अवैध परिवहन में) शामिल हैं। सभी वाहन खनिज अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत जब्त किए गए हैं और आगे की कार्यवाही तक इन्हें खनिज जांच नाका उरगा में खड़ा किया गया है। कार्रवाई के दौरान रेत माफिया द्वारा खनिज विभाग के अधिकारी से बदसलूकी भी की गई। जिसे समय रहते काबू में लिया गया। प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि अवैध खनन और रेत माफियाओं पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।















