• nagardarpannews

CG NEWS : गरबा ड्रेस पहनकर सिगरेट पीने और पिस्टल लहराने वाली 9 लोगों पर FIR, सभी गिरफ्तार

CG NEWS : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में नवरात्रि से पहले गरबा पास के प्रचार के लिए बनाई गई एक रील विवादों में आ गई है। वीडियो में गरबा ड्रेस पहनी युवतियां सिगरेट पीते और पिस्टल लहराते नजर आ रही हैं। ‘बेगम बगैर बादशाह किस काम का’ गाने पर बनाई गई इस रील की शूटिंग के दौरान हाईवे पर ट्रैफिक प्रभावित होने की भी बात सामने आई है।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दी और वीडियो में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने मामले में युवतियों समेत 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।

गरबा पास के प्रचार के लिए बनाई गई थी रील

जानकारी के मुताबिक, खुद को मेकअप आर्टिस्ट बताने वाली शिफा मैथ्यू नाम की युवती ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर गरबा और धार्मिक संस्कृति से जुड़े वीडियो अपलोड किए थे। आरोप है कि इनमें गरबा ड्रेस पहनी युवतियां सिगरेट पीते हुए, पिस्टल दिखाते हुए और बाइक पर सवार लड़कों के साथ गरबा पास का प्रचार करती नजर आईं।

Korba News: कोरबा में जमीन की खरीदी-बिक्री पर लगा प्रतिबंध शिथिल, 100 मीटर दायरे की भूमि पर रोक बरकरार

वीडियो में युवतियों को बाइक सवार युवकों से गरबा पास के प्रचार के दौरान बातचीत करते हुए भी दिखाया गया है। रील सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई।

बजरंग दल ने एसपी कार्यालय में की शिकायत

वीडियो को लेकर शिकायतकर्ताओं ने आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि नवरात्रि और गरबा जैसे धार्मिक आयोजन के प्रचार में इस तरह की सामग्री का इस्तेमाल धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं को आहत करने वाला है। इसी मुद्दे को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत सौंपी।

शिकायत के बाद सिविल लाइन पुलिस ने संबंधित लोगों को थाने बुलाया। पुलिस ने मामले में युवतियों समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

वीडियो के डिस्क्लेमर में हथियार को बताया गया खिलौना

रील के साथ दिए गए डिस्क्लेमर में दिखाई गई पिस्टल को खिलौना बताया गया था। वहीं, वीडियो में धूम्रपान को स्वास्थ्य के लिए हानिकारक बताते हुए चेतावनी भी दी गई थी।

बताया गया है कि वीडियो शहर की ब्राइडल मेकअप आर्टिस्ट शिफा मैथ्यूज के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया गया था। पोस्ट के कैप्शन में ‘टैग योर गुंडी गर्ल्स गैंग’ और ‘बिना लड़कियों के गरबा पास किसी काम नहीं’ जैसे वाक्य लिखे गए थे।

फिलहाल, वीडियो में दिखाए गए हथियार की वास्तविक प्रकृति और मामले में लगाए गए आरोपों से संबंधित विस्तृत जानकारी की पुष्टि आधिकारिक पुलिस बयान से की जानी बाकी है।

About The Author