भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आरोग्यधाम पॉलीक्लिनिक एवं पैथोलॉजी लैब में सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
कोरबा। आमजन में आपातकालीन जीवनरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा अचानक किसी व्यक्ति की सांस या हृदय गति रुक जाने की स्थिति में तत्काल सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आरोग्यधाम पॉलीक्लिनिक एवं पैथोलॉजी लैब, टीपी नगर, कोरबा में सीपीआर प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में श्री अग्रसेन नवयुवक मंच के सदस्यों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित लोगों को सीपीआर की महत्ता, इसकी आवश्यकता, आपातकालीन परिस्थितियों में सही समय पर कदम उठाने तथा किसी व्यक्ति की सांस एवं हृदय गति रुकने की स्थिति में जीवन बचाने के लिए तत्काल प्राथमिक सहायता देने की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. आनंद मसीह लकड़ा, डॉ. विजय राठौर, डॉ. ऐश्वर्या तंबोली, डॉ. अनुशंका एवं डॉ. साही राजेश ने उपस्थित सदस्यों को सीपीआर के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। चिकित्सकों ने बताया कि हृदयाघात अथवा अचानक कार्डियक अरेस्ट जैसी आपातकालीन स्थिति में समय पर सीपीआर देना अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। सही समय पर दी गई प्राथमिक जीवनरक्षक सहायता मरीज के जीवन बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर कब और क्यों दिया जाता है, आपातकालीन स्थिति की पहचान कैसे की जाती है, मरीज को तत्काल सहायता देने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए तथा अस्पताल पहुंचने से पूर्व जीवनरक्षक सहायता किस प्रकार दी जा सकती है, इन विषयों पर सरल एवं व्यावहारिक तरीके से जानकारी साझा की गई। उपस्थित सदस्यों को जीवनरक्षक तकनीकों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर बिना घबराए सही कदम उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
श्री अग्रसेन नवयुवक मंच के सदस्यों ने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को जनहित एवं सामाजिक सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में दूसरों की मदद करने की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉय सोसयटी के चेयरमैन रामसिंह अग्रवाल, राजेन्द्र तिवारी , राजेश बगडिया, योगेश जैन अनिल अग्रवाल व श्री अग्रसेन नवयुवक मंच के प्रियंम अग्रवाल उत्तम अग्रवाल मनोज अग्रवाल प्रतीक केडिया संजय अग्रवाल प्रथम गोयल प्रतिक जैन आनंद अग्रवाल दीपक अग्रवाल अमित अग्रवाल एवं रितेश पंजवानी लव कुमार साहू उपस्थित थे










