Korba News: कोरबा में अवैध पटाखों का जखीरा बरामद, 2 लाख के पटाखे जब्त; आरोपी पर केस दर्ज
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने पुरानी बस्ती के सिंधी मोहल्ले में दबिश देकर एक गोदाम से करीब 2 लाख रुपये कीमत के विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं। मामले में पुलिस ने 42 वर्षीय आरोपी बलराम जज्ञासी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
गोदाम में छिपाकर रखे गए थे पटाखे
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस को अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती में आरोपी के मकान के पास बने गोदाम में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां बिक्री के उद्देश्य से रखे गए विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद हुए।
18 कार्टून पटाखे जब्त, कीमत करीब 2 लाख रुपये
पुलिस ने मौके से अलग-अलग प्रकार के पटाखों के कुल 18 कार्टून जब्त किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, पटाखों का भंडारण और बिक्री अवैध रूप से किए जाने की सूचना पर यह कार्रवाई की गई।
आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई
मामले में आरोपी की पहचान बलराम जज्ञासी (42 वर्ष), पिता रमेश कुमार, निवासी सिंधी मोहल्ला, पुरानी बस्ती, थाना कोतवाली, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।










